हिमाचल में नई ऊर्जा, खनन नीति : जयराम ठाकुर

शिमला, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को कहा कि राज्य में जल्द ही नई ऊर्जा एवं खनन नीति पेश होगी। इसके साथ ही राज्य के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कदम उठा लिए गए हैं।

ठाकुर ने संवाददाताओं को बताया, “हम अवैध खनन को रोकने और अधिक राजस्व का सृजन करने के लिए जल्द ही नई खनन नीति पेश करेंगे।”

उन्होंने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के 100 दिन पूरा होने पर राज्य की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि वे जलविद्युत उत्पादन केलिए नई नीति पेश करेंगे।

ठाकुर ने कहा, “यह (100 दिन) अधिक समय नहीं है, लेकिन हमने नए कदम उठाने और उन्हें लागू करने की कोशिश की।”

उन्होंने कहा, “हमने सभी को ध्यान में रखकर अपनी नीतियां तैयार की हैं, फिर चाहे वह किसान हो, महिला या वरिष्ठ नागरिक। हमने एक साथ 30 नई योजनाएं शुरू की हैं और ऐसा पहली बार हुआ है।”

ठाकुर ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार का पर्यटन को बढ़ावा देने पर ध्यान है।

उन्होंने कहा, “इससे पहले पर्यटन विभाग के कर्मचारियों के वेतन के लिए ही धन आवंटन का प्रवाधान होता था लेकिन अब हमने पर्यटन क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भी पूंजी आवंटित की है।”

ठाकुर ने कहा, “हमने जनता की प्रतिक्रियाओं के आधार पर 472 लक्ष्य निर्धारित किए हैं और उन्हें हासिल करने के लिए तय समय भी निर्धारित किया है।”

ठाकुर और उनके कैबिनेट के 11 मंत्रियों ने 27 दिसंबर 2017 को पद की शपथ ली थी। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493