शिमला, 19 नवंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक निजी पनबिजली संयंत्र में टरबाइन में पानी की आपूर्ति को नियंत्रित करने वाले इनलेट वॉल्व में हुए विस्फोट से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
घटना बुधवार रात 100 मेगावाट क्षमता वाली सोरांग बिजली परियोजना की है। यह राज्य की राजधानी से लगभग 200 किलोमीटर दूर है और अबू धाबी नेशनल एनर्जी कंपनी पीजेएससी (टीएक्यूए) के स्वामित्व में है।
उपायुक्त नरेश कुमार लाठ ने फोन पर बताया, “टरबाइन में पानी की आपूर्ति करने वाले इनलेट वॉल्व में विस्फोट से पीड़ित पानी में बह गए।”
उन्होंने बताया कि विस्फोट से संयंत्र के करीब स्थित छह घर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
कंपनी ने एक बयान में कहा, “इस घटना के बाद सोरांग पनबिजली संयंत्र में काम कर रहे दो ठेकेदार लापता हैं।”
बताया जा रहा है कि सयंत्र पर काम कर रहे अन्य सभी लोगों की गिनती कर ली गई है और वे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, “लापता व्यक्तियों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है।”
गौरतलब है कि शिमला से लगभग 420 किलोमीटर दूर काजा शहर के पास 2 मेगावाट बिजली संयंत्र में एक नई टरबाइन लगाते समय तीन इंजीनियरों की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath