हिमाचल में पारा शून्य से नीचे

शिमला, 22 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों मनाली, कल्पा और ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी से गुरुवार को पारा शून्य के नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, राज्य की निचली और मध्यवर्ती पहाड़ियों में बारिश हुई है।

मौसम विभाग के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बारिश की वजह से यह ठंड एक सप्ताह से ज्यादा दिनों तक बरकरार रहेगी और शुक्रवार तक राज्य में बर्फबारी और गरज के साथ बारिश जारी रह सकती है।

शिमला में 4.6 मिलीमीटर बारिश होने से न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

लोकप्रिय पर्यटन स्थल मनाली में 13 सेंटीमीटर बर्फबारी और 20 मिलीमीटर बारिश होने से रात में तापमान हिमांक से 1.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

शिमला के पास के पर्यटन स्थलों कुफरी और नरकंदा में भी बर्फबारी हुई।

शिमला से कल्पा की दूरी लगभग 250 किलोमीटर है। कल्पा में 19.1 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई और यहां न्यूनतम तापमान हिमांक से 6.4 डिग्री नीचे, धर्मशाला में 5.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। धर्मशाला में 23.2 मिलीमीटर बारिश हुई।

लाहौल और स्पीति के मुख्यालय केलांग में 32 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई और न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारी के मुताबिक, बुधवार से लाहौल और स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, शिमला और चंबा जिलों की ऊंची पहाड़ियों में सामान्य से लेकर भारी हिमपात हो रहा है।

सरकार ने शुक्रवार तक भारी हिमपात और हिमस्खलन की संभावनाओं के बीच स्थानीय लोगों और पर्यटकों को शिमला, कुल्लू, चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के ऊपरी इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी है।

यहां तक कि मनाली के नजदीक सोलांग, ब्यास कुंड, नेहरू कुंड और कोठी जैसे बर्फीले इलाके को हिमस्खलन संभावित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493