शिमला, 23 मई (आईएएनएस)। कई दिनों से अत्यधिक तापमान की मार झेल रहे हिमाचल प्रदेश में सोमवार को हुई बारिश से उत्तरी मैदानों से गर्मी से राहत पाने यहां आए हजारों पर्यटकों के चेहरे खिल उठे।
शिमला में 2.9 मिमी बारिश के साथ यहां का तापमान रविवार के 29.1 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री नीचे गिर गया।
एक मौसम विशेषज्ञ ने आईएएनएस से कहा, “कुफरी और मशोब्रा जैसे नजदीकी इलाकों में ओलावृष्टि के साथ मध्यम बारिश हुई। पूरे राज्य में बारिश हुई, जिससे तापमान में काफी गिरावट आ गई है।”
मनोरम पर्यटन स्थलों मनाली, पालमपुर, धर्मशाला और डलहौजी में भी दिनभर हल्की बारिश हुई।
धर्मशाला में 30.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रविवार को यहां का तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस था।
सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नाहन में 32.2 डिग्री सेल्सियस और कल्पा में 24 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ से आई एक पर्यटक पूजा आहूजा ने कहा, “शिमला में तपती गर्मी से सुखद राहत मिली है।”
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि शिमला, नारकंडा, कुफरी, कसौली, मनाली, पालमपुर, चंबा और डलहौजी जैसे मशहूर पर्यटन स्थलों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उसके बाद मौसम सूखा रहेगा।
dharmpath.com dharmpath