हिमाचल में सड़क दुर्घटना, 13 मरे

शिमला, 21 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शुक्रवार रात एक निजी वाहन खाई में जा गिरा, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक कुशाल शर्मा ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि महिंद्रा बोलेरो कैम्पर वाहन में 14 लोग सवार थे, जब यह शुक्रवार रात खाई में जा गिरा।

उन्होंने बताया कि हादसे के शिकार लोग एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। 12 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रशासन को वाहन से पीड़ितों को बाहर निकालने में खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही बचाव कार्य शुरू कर दिया था।

हादसे के शिकार अधिकांश लोग बड़ा कम्बा गांव के थे। यह पिछले 24 घंटों से भी कम समय में दूसरा बड़ा सड़क हादसा है।

इससे पहले चंबा जिले में 50 यात्रियों से भरी एक निजी बस खाई में जा गिरी थी, जिसमें तीन महिलाओं सहित 17 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 23 अन्य घायल हो गए थे।

बस संघनी से डलहौजी जा रही थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493