शिमला, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गुरुवार को अपने सरकारी वाहन से लाल बत्ती हटवा दी। राज्यपाल का यह कदम मोदी सरकार द्वारा देश भर में एक मई से वाहनों पर लाल बत्ती को प्रतिबंधित करने के फैसले के एक दिन बाद आया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि देवव्रत ने अपने सरकारी वाहन सहित उनसे जुड़े दूसरे वाहनों से लाल बत्ती हटाने का निर्देश दिया।
इसमें कहा गया है, “नई दिल्ली के लिए गुरुवार की सुबह रवाना होने से पहले उन्होंने अपनी गाड़ियों से लाल बत्ती हटवाने का निर्देश दिया और इसके बाद नई दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने यहां उपलब्ध कराए गए सरकारी वाहनों से भी लाल बत्ती हटवाने के निर्देश दिए।”
उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों, राजनेताओं और नौकरशाहों की गाड़ियों से लाल बत्ती पर प्रतिबंध लगाए जाने के फैसले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इससे देश से वीआईपी संस्कृति को खत्म करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इससे असामाजिक तत्वों के लाल बत्ती के दुरुपयोग की जांच में भी सहायता मिलेगी।
मीडिया को दी गई तस्वीरों में राज्यपाल देवव्रत खुद अपनी गाड़ी से लाल बत्ती उतारते दिख रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath