शिमला, 28 अगस्त (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को जोरदार हंगामा हुआ। शिमला कॉलेज में झड़प पर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष तथा सत्तापक्ष के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई।
लगभग आधे घंटे तक बहस के बाद अध्यक्ष बी.बी.एल.बुटेल ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले भाजपा सदस्य गोविंद ठाकुर ने 20 अगस्त को हुई झड़प के मुद्दे को प्रश्नकाल के बाद उठाना चाहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज के प्राचार्य ने झड़प के दौरान एक छात्रा से दुर्व्यवहार किया।
अध्यक्ष ने कहा कि मुद्दा विचाराधीन है और वह सरकार के जवाब की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
बाद में भाजपा के सभी सदस्य अध्यक्ष की आसंदी के निकट पहुंचे तथा सरकार विरोधी नारा लगाने लगे और सदन की कार्यवाही को बाधित कर दिया।
इस बीच मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस तथा भाजपा सदस्यों के बीच हाथापाई तक हो गई।
भाजपा सदस्यों को शांत करने के लिए यातायात मंत्री जी.एस.बाली तथा उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सत्तापक्ष का नेतृत्व किया।
हंगामे को देखते हुए बुटेल ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
कार्यवाही पुन: शुरू होने के बाद भाजपा सदस्य एक बार फिर अध्यक्ष की आसंदी के निकट पहुंच गए और नारे लगाकर कार्यवाही को बाधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन की कार्यवाही का बाधित होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा, “विपक्ष का प्रदर्शन शर्मनाक प्रदर्शन है। यहां तक कि नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल अपने विधायकों को नियंत्रित करने में नाकाम रहे।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “यहां तक कि झड़प में कुछ भाजपा नेता भी शामिल थे। गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपी कॉलेज के विद्यार्थी नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath