हिलेरी को निमोनिया, कैलिफोर्निया दौरा रद्द (लीड-1)

न्यूयॉर्क, 12 सितम्बर (आईएएनएस/सिन्हुआ)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को निमोनिया हो गया है, जिसके कारण सोमवार से प्रस्तावित उनकी कैलिफोर्निया यात्रा रद्द कर दी गई है। हिलेरी के चिकित्सक ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

न्यूयॉर्क, 12 सितम्बर (आईएएनएस/सिन्हुआ)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को निमोनिया हो गया है, जिसके कारण सोमवार से प्रस्तावित उनकी कैलिफोर्निया यात्रा रद्द कर दी गई है। हिलेरी के चिकित्सक ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।

‘न्यूयार्क टाइम्स’ की रपट के अनुसार, इस अभियान के रद्द होने की पुष्टि हिलेरी द्वारा मैनहट्टन में रविवार रात 9/11 के हमलों की 15वीं बरसी पर आयोजित कार्यक्रम को अचानक छोड़कर चले जाने के बाद की गई, क्योंकि उस दौरान उन्हें अत्यधिक गर्मी लग रही थी। हिलेरी को सीक्रेट सर्विस एजेंट की मदद से वैन में पहुंचाया गया।

हिलेरी कार्यक्रम से कुछ देर में ही चली गईं। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी द्वारा ट्विटर पर जारी किए गए एक वीडियो में हिलेरी बेहद अस्थिर नजर आ रही थीं, और उनके सहयोगी उनकी मदद करते दिख रहे थे। इसके बाद उन्हें मैनहट्टन में उनकी बेटी चेल्सिया के घर ले जाया गया।

हिलेरी सान फ्रांसिस्को और लॉस एंजेलिस में चुनाव प्रचार करने वाली थीं और साथ ही उनकी योजना एलेन डीजेनर्स शो में भी शामिल होने की थी।

हिलेरी की प्रवक्ता निक मेरिल ने कहा कि फिलहाल हिलेरी चप्पाकुआ स्थित अपने घर पर ही रहेंगी।

क्लिंटन की चिकित्सक डॉ. लिसा आर. बारडैक के अनुसार, निमोनिया का पता शुक्रवार को ही चल गया था, क्योंकि कुछ दिनों पूर्व उन्हें खांसी हुई थी। उनकी टीम ने इस खांसी की वजह एलर्जी बताया था।

एनबीसी न्यूज के अनुसार, बारडैक ने कहा, “हिलेरी को एलर्जी संबंधित खांसी रही है।”

बारडैक ने रविवार शाम कहा, “शुक्रवार को उनकी खांसी की जांच के दौरान उन्हें निमोनिया का पता चला। उन्हें एंटीबायोटिक दी जा रही है और आराम करने व अपने कार्यक्रम में बदलाव करने की सलाह दी गई है। सुबह के इस कार्यक्रम में अत्यधिक गर्मी के कारण उनके शरीर में पानी की कमी हो गई। मैंने उनका परीक्षण किया है और अब उनमें पानी की कमी पूरी हो गई है और उनका स्वास्थ्य सुधर रहा है।”

हिलेरी को हाल ही में क्लीवलैंड में एक अभियान के दौरान खांसी का दौरा पड़ा था, जिसकी वजह से उनके स्वास्थ्य को लेकर मीडिया पर ‘हैकिंगहिलेरी’ हैशटैग काफी प्रचलित हुआ था।

वहीं, इस घटना पर रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने एक ट्वीट में अमेरिकी राष्ट्रपति बनने की उनकी दावेदारी पर भी सवाल उठाया था। ट्रंप ने लिखा, “मुख्यधारा की मीडिया हिलेरी की ‘हैकिंग’ या खांसने वाली बड़ी घटनाएं कभी कवर नहीं करती है। अभी तक इसे एक ही बार ट्रेंडिंग किया गया है। क्या हो रहा है?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493