शिमला, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। विश्व की सबसे कठिन मानी जाने वाली माउंटेन बाइक प्रतियोगिता-हीरो एमटीबी हिमालया के 12वें संस्करण में इस साल कुल 67 चालक हिस्सा लेंगे। इनमें नौ महिलाएं हैं। ये चालक 13 देशों से हैं।
जहां तक भारतीय चालकों की बात है तो इस साल हीरो एमटीबी शिमला रैली के विजेता देवेंद्र शर्मा सहित कुल 34 चालक हिस्सा लेंगे। हालांकि इस साल एक भी भारतीय महिला चालक प्रतिस्पर्धा में नहीं उतरी है।
हीरो एमटीबी हिमालया की शुरुआत 24 सितम्बर को शिमला में होगी और इसका समापन धर्मशाला में 3 अक्टूबर को होगा। इस साल रेस का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
इस रेस का आयोजन करने वाली हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रोमोशन एसोसिएशन (हस्तपा) के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया कि वार्षिक क्रास कंट्री और मल्टी स्टेज माउंटेन बाइकिंग रेस के दौरान चालक 650 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
सूद ने कहा, “इस साल यह रेस अधिक चुनौतीपूर्ण होगी। इस साल का टैरेन बदला हुआ होगा। हमने इस साल रेस के इंफ्रास्ट्रक्चर में और रेस्क्यू में मूलभूत बदलाव किए हैं।”
सूद ने कहा कि अधिकांश दूरी तक रेस का ट्रैक सिंगल होगा और कुछ दूरी तक चौड़ी लेकिन चुनौतीपूर्ण ट्रैक होगी। साथ ही पहाड़ी, दलदली और पथरीली ट्रैक से भी चालकों का सामना होगा।
रेस के दौरान चालकों को प्रतिदिन हर सेगमेंट में बराबर अपहिल और डाउनहिल मिलेगा। प्रतिदिन चालको को कम से कम 60-70 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी।
हस्तपा और हीरो साइकिल्स द्वारा दो साल पहले हीरो एक्शन टीम को लांच किए जाने के बाद इस साल इस रेस में हीरो टीम की ओर से तीन नए चेहरे हिस्सा लेंगे। ये चालक साराह एपलेट (हीरो एमटीबी शिमला-2016 में महिला वर्ग की विजेता), आकाश शेरवा और अक्षित गौर हैं।
जर्मनी के आंद्रेस शीवार्ल्ड इस साल एमटीबी हिमालया में सबसे प्रतिष्ठित चालक हैं। जर्मनी के इस साल सबसे अधिक 13 चालक हैं। इस साल जर्मनी, अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया, स्पेन और पुर्तगाल के चालक अपना दमखम दिखाएंगे।
शीवाल्ड ने हीरो एमटीबी हिमालया में बीते साल पुरुषों की ओपन कटेगरी में और ओवरऑल वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया था। जहां तक महिलाओं की बात है तो ब्रिटिश चालक कैथरीन विलियमसन (केप इपिक विजेता) भी हिस्सा ले रही हैं। यह एमटीबी हिमालया में कैथरीन का तीसरा साल है।
dharmpath.com dharmpath