हेडिंग्ले, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। बेन स्टोक्स (69) तथा जॉनी बेयरस्टो (61) की अर्धशतकीय पारी और अपने गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने गुरुवार को हेडिंग्ले मैदान पर खेले गए चौथे अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच में पाकिस्तान को चार विकेट से हरा दिया।
इसके साथ ही इंग्लैंड ने पांच मैचों की श्रृंखला में 4-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। मेहमान टीम पाकिस्तान टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सभी विकेट गंवा कर 247 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 48 ओवरों में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
पाकिस्तान के लिए कप्तान अजहर अली (80) और इमाद वसीम (नाबाद 57) सबसे अधिक रन बनाए। टीम के पहले दो विकेट सस्ते में निपट गए। तीसरे विकेट के लिए बाबर आजम (12) और अली ने 33 रनों की साझेदारी की।
अली के पवेलियन लौटने के बाद टीम के विकेट लगातार गिरते रहे। हालांकि, आठवें विकेट के लिए हसन अली (9) और वसीम ने 47 रनों की साझेदारी की और टीम को संभालान लेकिन इसके बावजूद भी टीम को हार का सामना करना पड़ा।
इंग्लैंड के लिए आदिल रशीद ने तीन विकेट चटकाए। वहीं, क्रिस जॉर्डन और मोइन अली ने दो-दो विकेट और लियाम प्लंकेट ने एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने बल्लेबाजी काफी मजबूत नजर आई। टीम के लिए जेसन रॉय (14) और जॉए रूट (30) ने मंझी हुई पारी खेली।
टीम के लिए स्टोक्स और बेयरस्टो ने 37 रनों की साझेदारी की। स्टोक्स के पवेलियन लौटने के बाद बेयरस्टो ने अली के साथ 22 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड को जीत की ओर अग्रसर किया।
अली ने इंग्लैंड के लिए नाबाद 45 रनों का योगदान दिया और टीम के खिलाड़ियों की मजबूत पारी की बदौलत मेजबान टीम ने जीत हासिल की।
पाकिस्तान के लिए मोहम्मद इरफान ने दो, जबकि उमर गुल, हसन अली और इमाद वसीम ने एक-एक विकेट चटकाए। मेहमान टीम के गेंदबाज इस मुकाबले में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए जिसके कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा।
इस मुकाबले में बेयरस्टो को ‘प्लेयर ऑफ दि मैच’ चुना गया।
dharmpath.com dharmpath