हेमा मालिनी ने ब्रज में लुप्त होते हरित क्षेत्र पर चिंता जताई

मथुरा, 15 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद हेमा मालिनी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र मथुरा और उसके आसपास लुप्त होते हरित क्षेत्र पर रविवार को चिंता जताई। उन्होंने इस बात पर हैरानी भी जताई कि वन विभाग क्या कर रहा है।

हेमा मालिनी ने आईएएनएस से कहा, “स्थानीय वनस्पति और जीवों पर खतरा मंडरा रहा है। वन और पारिस्थितिकी तंत्र से संबंधित लोगों को लुप्त होते हरित क्षेत्र को बचाने की चिंता ही नहीं है।”

भाजपा नेता ने कहा, “ब्रज को अपने वनों, हरियाली और जलाशयों के लिए जाना जाता है। श्रीकृष्ण स्वयं एक पर्यावरणविद और प्रकृति प्रेमी थे। बंशी वट में एक समय 100 एकड़ से भी ज्यादा बड़ा घना जंगल था, जिसमें खासतौर पर ब्रज की कुछ विशिष्ट प्रजातियों के पेड़ थे। अब यहां केवल 20 एकड़ में ही जंगल बचे हैं। स्थिति चिंताजनक है और हर रोज पेड़ काटे जा रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “अगर लोग आज नहीं जागे और हरियाली को पहुंच रहे नुकसान को नहीं रोका तो ब्रज क्षेत्र बिल्कुल निरावृत हो जाएगा और आसपास केवल सीमेंट के ढांचे होंगे। श्रीकृष्ण के लाखों भक्त मथुरा-वृंदावन की यात्रा करते हैं, जिनके लिए ये वन और यमुना नदी बेहद पवित्र हैं।”

हेमा मालिनी ने कहा कि कुछ ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी थी कि विभिन्न इलाकों में पेड़ काटे जा रहे हैं। तब उन्होंने बंशी वट का दौरा किया और हरित क्षेत्र को पहुंचे नुकसान को देखकर दंग रह गईं।

उन्होंने कहा, “मैने ग्रामीणों से मदद करने और चौकस रहने का आग्रह किया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493