हेमिल्टन, 10 फरवरी (आईएएनएस)। कोलिन मुनरो (72) और टिम सेइफर्ट (43) की शानदार पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने रविवार को यहां सेडन पार्क मैदान पर भारत के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे और निर्णायक टी-20 मुकाबले में चार विकेट पर 212 रन का विशाल स्कोर बना लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम को मुनरो और सेइफर्ट ने तेजतर्रार शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 7.4 ओवर में 80 रनों की साझेदारी की। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने सेइफर्ट को विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के हाथों स्टंप कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई।
सेइफर्ट ने 25 गेंदों पर तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए। सेइफर्ट के आउट होने के बाद मुनरो ने कप्तान केन विलियम्सन के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। कुलदीप ने यहां भी मुनरो को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी का अंत किया।
मुनरो ने 40 गेंदों की तेजतर्रार पारी में पांच चौके और इतने ही छक्के लगाए। टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में मुनरो का यह नौवां अर्धशतक है। उन्होंने इसी मैदान पर पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 में 18 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था।
मुनरो के आउट होने के बाद विलियम्सन भी खलील अहमद की गेंद पर कुलदीप को कैच थमा बैठे। उन्होंने 21 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 27 रनों का योगदान दिया।
उनके अलावा कोलिन डीग्रैंडहोम ने 16 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 30, डेरी मिशेल ने 11 गेंदों पर तीन चौकों के दम पर नाबाद 19 और रॉस टेलर ने सात गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की सहायता से नाबाद 14 रन की पारी खेली।
किवी टीम ने आखिरी के पांच ओवरों में 61 रन जोड़े।
भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 26 रन पर दो विकेट और भुवनेश्वर कुमार तथा खलील अहमद ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
dharmpath.com dharmpath