हैदराबाद, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। होटल के दो कर्मचारियों के बीच 30 रुपये की टिप को लेकर हुए झगड़े में एक की मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि यह घटना हैदराबाद के पुराने क्षेत्र हफीज बाबा नगर इलाके में घटित हुई।
उत्तर प्रदेश निवासी राजू और कमलेश के बीच 30 रुपये के टिप को लेकर झगड़ा हुआ। राजू इस टिप में हिस्सेदारी चाहता था, लेकिन कमलेश ने सारी रकम अपने पास रख ली।
पुलिस ने बताया कि मारपीट के दौरान कमलेश ने राजू को धक्का दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर में चोट आई। राजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी उस्मानिया अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने कहा कि उन्होंने कमलेश को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
दोनों युवक फुटपाथ पर रहते थे, और पिछले कुछ महीनों से स्पाइसी बावर्ची होटल में काम कर रहे थे।
dharmpath.com dharmpath