नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम वर्ष के आखिरी टूर्नामेंट के लिए बुधवार को अर्जेटीना के लिए रवाना हो गई, जहां वे 23-29 नवंबर के बीच कुल पांच मैच खेलेंगी।
कोच नील हॉगुड के मार्गदर्शन में रवाना हुई 18 सदस्यीय भारतीय टीम 23 नवंबर को अर्जेटीना यू-21 टीम के खिलाफ अपने दौरे का आगाज करेगी।
इसके बाद भारतीय महिलाएं 24-25 नवंबर को अर्जेटीना की सीनियर टीम से भिड़ेंगी। 26 नवंबर को एक बार फिर यू-21 टीम उनके सामने होगी, जबकि 29 नवंबर को आस्ट्रेलिया के खिलाफ वे एकमात्र मैच खेलेंगी।
हॉगुड ने कहा, “सभी खिलाड़ियों का आत्मविश्वास पहले से ऊंचा है और वे दुनिया की शीर्ष टीम के साथ खेलने को लेकर उत्साहित हैं। हमारे खिलाड़ियों की क्षमता के प्रदर्शन के लिए बेहतरीन अवसर है और रियो ओलम्पिक से पहले अपनी कमियों की पड़ताल का भी अच्छा मौका है।”
गौरतलब है कि अगले वर्ष ओलम्पिक खेलों का आयोजन भी दक्षिण अमेरिकी धरती पर ही अर्जेटीना के पड़ोसी देश ब्राजील के रियो डी जनेरियो शहर की मेजबानी में होना है।
हॉगुड ने कहा, “यह दौरा इस मायने में बहुत मायने रखता है कि हम इस समय कहां खड़े हैं और हमें किन क्षेत्रों में और मेहनत करने की जरूरत है, जिससे कि हम खुद को एक अंतर्राष्ट्रीय टीम के तौर पर उठा सकें।”
भारतीय टीम की कमान अनुभवी रितु रानी को दिया गया है, जबकि दीपिका ठाकुर उप-कप्तान होंगी।
भारतीय गोलपोस्ट की रक्षा की जिम्मेदारी सविता और रजनी एतिमारपू संभालेंगी।
भारतीय टीम :
गोलकीर : सविता, रजनी एतिमारपू
डिफेंडर : दीपिका, सुनीता लाकड़ा, सुशीला चानू पुखरामबाम, जसप्रीत कौर, दीप ग्रेस एक्का।
मिडफील्डर : रितु रानी (कप्तान), रेणुका यादव, लिलिमा मिंज, नवजोत कौर, मोनिका, नमिता टोप्पो।
फॉरवर्ड : नवनीत कौर, प्रीति दुबे, पूनम रानी, वंदना कटारिया, अनुराधा देवी थोकचोम।
कप्तान रितु रानी ने कहा, “चूंकि हम ओलम्पिक में प्रवेश कर चुके हैं तो देश की हमसे क्या उम्मीदें हैं हम समझ सकते हैं। हम कठिन अभ्यास कर रहे हैं और इस तरह के विदेशी दौरों से हमें अपनी कड़ी मेहनत का नतीजा समझ आएगा, इससे पहले कि हम ओलम्पिक में अपने देश का प्रतिनिधित्व करें।”
dharmpath.com dharmpath