हॉकी : एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत ने जापान को 10-2 से हराया

कुआंटान (मलेशिया), 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का विजयी आगाज करते हुए गुरुवार को जापान को 10-2 से करारी शिकस्त दे दी।

भारत के लिए इस मैच में रुपिंदर पाल सिंह ने छह गोल दागे।

जापान की टीम भारतीय खिलाड़ियों के सामने बेबस नजर आ रही थी। भारत ने मैच में अधिकतर समय गेंद अपने पास रखी और जापान को लगातार परेशान किया।

भारत ने मैच की शुरुआत से ही जापान पर अपना दबादबा बना लिया। मैच के दूसरे मिनट में रमनदीप ने शानदार फील्ड गोल कर भारत का खाता खोला। भारत को मैच के नौवें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इस मैच में भारत की कमान संभाल रहे पेनाल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ रुपिंदर पाल सिंह ने उसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।

उन्होंने 12वें मिनट में मिली दूसरी पेनाल्टी पर गोल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया।

मैच के 15वें मिनट में रमनदीप ने एक और फील्ड गोल कर जापानियों को परेशानी में डाल दिया। भारत का स्कोर 4-0 था। 17वें मिनट में भारत को एक और पेनाल्टी मिली और रुपिंदर ने इस पर भी गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की।

दो मिनट बाद तलविंदर सिंह ने एक और गोल कर भारत को 6-0 की बढ़त दिला दी थी। भारत यहीं नहीं रुका। रुपिंदर ने 22वें मिनट में गोल कर भारत का स्कोर 7-0 पर पहुंचा दिया।

जापान ने 23वें मिनट में अपना खाता खोला। केंटा टनाका ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-7 किया। पहले हाफ की समाप्ति तक भारत इसी स्कोर से छह गोलों की बढ़त ले चुका था।

दूसरे हाफ में जापान की कोशिश ज्यादा से ज्यादा गोल करने की थी। 38वें मिनट में हिरोमासा ओचिआई ने गोल कर जापान के खाते में दूसरा गोल जोड़ा।

लेकिन इसके बाद जापान की टीम कोई गोल नहीं कर पाई। भारत ने दूसरे हाफ में तीन गोल किए। रुपिंदर ने 46वें और 47वें मिनट में दो गोल किए। यह दोनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर से थे।

50वें मिनट में यूसुफ अफ्फान ने फील्ड गोल कर भारत को 10-2 से बड़ी जीत दिला दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493