भुवनेश्वर, 18 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा माइनिंग कोर्पोरेशन लिमिटेड (ओएमसी) को बुधवार को ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप टूर्नामेंट के आधिकारिक साझेदार के रूप में घोषित किया गया है।
इस टूर्नामेंट का आयोजन ओडिशा में 28 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक होगा, जिसके सारे मैच कलिंगा हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
हॉकी इंडिया की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलीना नोर्मान ने कहा, “प्रतिष्ठित ओडिशा पुरुष हॉकी विश्व कप के आधिकारिक साझेदार के रूप में हम ओएमसी का स्वागत कर बेहद खुश हैं। हर संभव रूप से हॉकी का समर्थन करने के लिए मैं ओडिशा सरकार और ओएमसी का आभार प्रकट करती हूं।”
भारत तीसरी बार पुरुष हॉकी विश्व कप का मेजबान बना है। इससे पहले, 1982 में मुंबई में और 2010 में नई दिल्ली में इस टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था।
इस टूर्नामेंट में कुल 16 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें लीग स्तर पर हर टीम तीन-तीन मैच खेलेगी। इसके बाद, 12, 13, 14 और 15 दिसम्बर को नॉकआउट मैच खेले जाएंगे।
–आईएएनएस
dharmpath.com dharmpath