अग्निवेश धोखेबाज, खुद पर हमले की रची साजिश : झारखंड के मंत्री

रांची, 18 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के शहरी विकास मंत्री सी.पी. सिंह ने बुधवार को कहा कि ‘स्वामी अग्निवेश एक धोखेबाज हैं और उन्होंने ही खुद पर हमले की साजिश रची।’

सिंह ने कहा, “अग्निवेश एक धोखेबाज हैं। मैं उन्हें पिछले 40 वर्षो से जानता हूं। इस हमले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं है। उन्होंने ही खुद पर हमले की साजिश रची थी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अशांति फैलाने के लिए अग्निवेश विदेशी फंड का प्रयोग कर रहे हैं।

अग्निवेश पर हमले को लेकर झारखंड विधानसभा में बुधवार को हंगामा हुआ।

विपक्षी सदस्य मंत्री सी.पी. सिंह द्वारा अग्निवेश को ‘धोखेबाज और दलाल’ कहे जाने को लेकर गुस्से में दिखाई दिए।

विपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने कहा, “यह घटना राज्य सरकार के निर्देश पर हुई। राज्य सरकार के पास भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा हमले की सूचना पहले से ही थी।”

विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने विपक्ष को शांत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रघुबर दास ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए थी।

हेमंत सोरेन और झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक के विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि इस मामले में पकड़े गए लोगों को राजधानी रांची से दिए गए निर्देश के बाद छोड़ दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493