नई दिल्ली, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत की जूनियर हॉकी टीम अगले महीने मलेशिया के शहर जोहोर बाहरू में होने वाले सुल्तान ऑफ जोहोर कप के अपने पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वि पाकिस्तान से भिड़ेगी।
मौजूदा चैम्पियन भारत का मुकाबला पाकिस्तान से 11 अक्टूबर को होगा।
हॉकी इंडिया (एचआई) ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि भारत, मलेशिया हॉकी महासंघ द्वारा आयोजित किए जाने वाले सुल्तान ऑफ जोहोर कप टूर्नामेंट के पांचवे संस्करण में हिस्सा लेगा।
इस टूर्नामेंट में छह टीमें खेलती हैं और भारत इसके पिछले दो संस्करणों का विजेता रहा है।
टूर्नामेंट अगले महीने 11 से 18 अक्टूबर तक खेला जाएगा और इस दौरान भारत का सामना ब्रिटेन (12 अक्टूबर), अर्जेटीना (14 अक्टूबर), मलेशिया (15 अक्टूबर) और आस्ट्रेलिया (17 अक्टूबर) से होगा।
इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 18 अक्टूबर को खेला जाएगा और इसका उद्घाटन मैच आस्ट्रेलिया और अर्जेटीना के बीच होगा।
भारतीय जूनियर हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिह हैं।
dharmpath.com dharmpath