हॉकी मध्य प्रदेश ने सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप का जीता खिताब

झांसी- हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2021 में शनिवार को यहां झांसी में हॉकी मध्य प्रदेश ने हॉकी हरियाणा को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि हॉकी पंजाब ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-1 से हराकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

हॉकी मध्य प्रदेश की कंचन निधि केरकेट्टा (9वें मिनट) ने हॉकी हरियाणा के खिलाफ फाइनल में गोल कर टीम को शुरू में ही बढ़त दिला दी थी, जिसके बाद हॉकी हरियाणा इस गोल का बराबरी भी न कर सकी और पूरे मैच के दौरान हॉकी मध्य प्रदेश ने शानदार खेल खेलकर टीम को जबरदस्त जीत दिलाई।

हॉकी मध्य प्रदेश के कोच वंदना उइके ने कहा, टूर्नामेंट जीत कर अच्छा लग रहा है, हमने पहली बार हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीती है। मैच बहुत अच्छा रहा। टीम की खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। हमने विरोधी टीम पर अंत तक दबाव बनाकर रखा।

दूसरी तरफ, शनिवार को हॉकी पंजाब ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीम की कप्तान रीना रानी (44वें) और सरबदीप कौर (50वें) ने एक-एक गोल किया, जबकि हॉकी महाराष्ट्र के लिए प्रिया दुबे (18वें) ने एकमात्र गोल किया।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493