नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। हौज खास गांव के एक घर में बुधवार सुबह आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
एक अधिकारी ने बताया कि घर की छत पर लगी आग की सूचना सुबह करीब 5.45 बजे एक पड़ोसी ने दी। दमकलकर्मियों ने एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया, लेकिन इस दौरान उन्हें एक 36 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जबकि 24 साल की एक युवती घायल अवस्था में मिली।
एक दमकल अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “सूचना मिलते ही तीन अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। घर की छत पर एक शेड डाला गया था, जिसमें आग लगी। युवती बेहोशी की हालत में मिली। उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गाया।”
आग लगने की सूचना देने वाले पड़ोसी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने पानी और अग्निशामकों से आग बुझाने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया, “दमकलकर्मियों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले हमने अपने पास मौजूद संसाधनों के जरिये आग पर काबू पाने का प्रयास किया।”
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सुबह 6.50 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।
dharmpath.com dharmpath