ुत्रिपुरा में प्रचार अभियान तेज करने को उतरेंगे शीर्ष नेता

अगरतला, 6 फरवरी (आईएएनएस)। वाम शासित त्रिपुरा के विधानसभा चुनाव में दो सप्ताह से भी कम का समय बचा है और राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं ने अपने दलों के प्रचार के लिए आने का निश्चय किया है, ताकि राज्य में प्रचार अभियान को आगे बढ़ाया जा सके।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की त्रिपुरा इकाई के प्रवक्ता मृणाल कांति देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तरी और पश्चिमी त्रिपुरा में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे, जबकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत वित्तमंत्री अरुण जेटली, अन्य केंद्रीय मंत्री और भाजपा के शीर्ष नेता भी अभियान में हिस्सा लेंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सूचना व प्रसारण एवं कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी, असम, मणिपुर, नगालैंड, उत्तर प्रदेश और झारखंड में सत्तारूढ़ पार्टी के मुख्यमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव और असम के मंत्री हेमंत बिस्व शर्मा भी प्रचार कर रहे हैं या जल्द ही करेंगे। शर्मा त्रिपुरा के भाजपा के चुनाव प्रभारी भी हैं।

वहीं दूसरी तरफ सत्तारूढ़ मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी, पोलितब्यूरो सदस्य प्रकाश करात, बृंदा करात, बिमान बोस, सुभाषिनी अली और पश्चिम बंगाल राज्य सचिव सूर्यकांत मिश्रा पूर्वोत्तर सीमा राज्यों में कई चुनावी रैलियों को संबोधित कर चुके हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, पुदुच्चेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी, कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, पार्टी के राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सचिन पायलट और दूसरे बड़े नेता बुधवार से राज्य में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

कांग्रेस की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष तपस डे ने कहा कि उनका चुनावी घोषणापत्र एक सप्ताह के अंदर जारी कर दिया जाएगा, जबकि भाजपा प्रवक्ता देब ने कहा कि जेटली 12 फरवरी को यहां त्रिपुरा में भाजपा का विजन दस्तावेज जारी करेंगे।

माकपा नीत वाम मोर्चा 30 जनवरी को अपना चुनावी घोषणापत्र कर चुका है।

60 सदस्यीय सदन में माकपा ने 57 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और बाकी तीन सीटों पर उसने अपने सहयोगी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, फॉरवर्ड ब्लॉक और क्रांतिकारी सोशलस्टि पार्टी को एक एक सीट दी है।

भाजपा ने 51 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि नौ सीटों पर उसने अपने चुनावी सहयोगियों के उम्मीदवारों को उतारा है। वहीं कांग्रेस ने सभी 60 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है।

राज्य में 18 फरवरी को चुनाव होंगे और तीन मार्च को मतों की गणना की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493