पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरसावा के असदपुर गांव निवासी 30 वर्षीय मंजीत लोगों को ब्याज पर रुपये देता था। बताया जाता है कि शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे मंजीत गांव के ही रहने वाले अपने साथी आनंद के साथ बाइक पर सवार होकर कस्बा सरसावा से अपने गांव वापस लौट रहा था। अंबाला हाइवे से नीचे उतरते ही तीन असलहाधारी बदमाशों ने उनको रोक लिया।
बदमाशों ने तमंचों की नोक पर मंजीत और आनंद को बाइक से नीचे उतार लिया और लूट का प्रयास किया। मंजीत और आनंद ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस बीच मंजीत ने एक बदमाश को धक्का दिया और भागने लगा। मंजीत और आनंद को भागते देख एक बदमाश ने तमंचे से मंजीत को गोली मार दी। गोली लगते ही मंजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
इस बीच बदमाश भी वहां से भाग निकले। आनंद की सूचना पर ग्रामीण व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मंजीत को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
dharmpath.com dharmpath