संयुक्त राष्ट्र, 19 जुलाई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए लोगों से दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
गुटेरेस ने कहा, “आज मंडेला दिवस पर हम दुनियाभर के लोगों का आह्वान कर विश्व को बेहतर बनाने के लिए मदीबा (मंडेला) को याद कर रहे हैं।”
उन्होंने मंडेला दिवस पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा, “हम समझते हैं कि बेहतर समाज, बेहतर विश्व बनाने की क्षमता हमारे पास है। एक ऐसा विश्व जहां लोगों को समान मौके मिले, नाइंसाफी ना हो, हर धर्म, रंग, जाति और लिंग के लोगों के साथ समान व्यवहार किया जाए।”
उन्होंने कहा कि दुनिया में बहुत कम लोग इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिखवा पाते है और मंडेला उन लोगों में से एक हैं लेकिन हममे से कुछ ही लोग उनसे प्रेरणा ले पाते हैं।
गौरतलब है कि हर साल 18 जुलाई को मंडेला के जन्मदिन के मौके पर मंडेला दिवस यानी नेल्सन मंडेला अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है।
मंडेला का निधन दिसंबर 2013 में 95 वर्ष की आयु में हुआ था।
dharmpath.com dharmpath