नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की सत्ता में आम आदमी पार्टी (आप) के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके सभी मंत्री सोमवार को कनॉट प्लेस में जनसभा करेंगे।
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि सेंट्रल पार्क में केजरीवाल एक संवाद सत्र के दौरान राजधानी के निवासियों से आप की 100 दिन की सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे।
दिल्ली की सत्ता में आम आदमी पार्टी फरवरी माह में आई थी। आप ने 70 सीटों वाली विधानसभा में 67 सीटों पर जीत हासिल की थी। केजरीवाल सरकार के 100 दिन सोमवार को पूरे हो रहे हैं।
एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने कहा कि सरकार ने अपने ज्यादातर वादे पूरे कर दिए हैं और वह समाज कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “हमने अपने वादे पूरे किए हैं। पानी की समस्या हल हो गई है। भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत के लिए भ्रष्टाचार-रोधी हेल्पलाइन शुरू हो चुकी है। पार्टी के विधायक लोगों तक जा रहे हैं और उनकी समस्याएं सुलझा रहे हैं। सरकार जो काम कर रही है उसके बारे में हम जनता को बताएंगे।”‘
जनसभा का आयोजन राज्य के उप-राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच नौकरशाहों की नियुक्ति और उनके तबादले को लेकर जारी विवाद के दौरान किया जा रहा है।
केंद्रीय गृहमंत्रालय ने सोमवार को एक अधिसूचना जारी करते हुए कहा था कि सार्वजनिक व्यवस्था, पुलिस, जमीन और सेवाओं (भारतीय प्रशासनिक सेवाओं) से संबंधित मामले उप-राज्यपाल नजीब जंग के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।
आप ने रविवार को केंद्र सरकार के फैसले को ‘असंवैधानिक’ बताया।
dharmpath.com dharmpath