12 अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं में पर्यटक हेल्पलाइन दो माह में : महेश शर्मा

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। पर्यटन (स्वतंत्र प्रभार), संस्कृति (स्वतंत्र प्रभार) और नागर विमानन राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि अतुल्य भारत पर्यटक हेल्पलाइन 12 अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं में अगले दो माह की अवधि के भीतर शुरू होगी ताकि भारत आने वाले पर्यटकों की सहायता हो सके।

डॉ. महेश शर्मा सोमवार को यहां पर्यटन मंत्रालय, सीएनएन और यूएनडब्ल्यूटीओ की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित ‘पर्यटन छवि और प्रभाव’ के विषय पर एक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। फिलहाल हेल्पलाइन दो भाषाओं यानी अंग्रेजी और हिंदी में संचालित है।

डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पर्यटन काफी हद तक देश की छवि पर निर्भर है और पर्यटन मंत्रालय पर्यटन पर सकारात्मक प्रभाव कायम करने के उद्देश्य से पर्यटकों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी प्रयास कर रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार के लिए पर्यटन को शीर्ष प्राथमिकता है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्वभर में भारत को बढ़ावा देने में सबसे बड़ा दूत बन गए हैं।

डॉ. महेश शर्मा ने बताया कि सरकार मार्च 2016 तक 150 देशों के लिए ई-टूरिस्ट वीजा उपलब्ध कराएगी। पिछले नवम्बर में ई-टूरिस्ट वीजा की शुरूआत के बाद 76 देशों के 1.5 लाख से भी अधिक लोगों ने ई-टूरिस्ट वीजा प्राप्त किए हैं।

इस कार्यशाला में केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय में सचिव डॉ. ललित के. पंवार और पर्यटन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ राज्यों के पर्यटन विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493