125 करोड़ लोगों की ताकत की वजह से बज रहा भारत का डंका : मोदी (लीड-1)

संगम परेड ग्राउंड (इलाहाबाद), 13 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगम परेड ग्राउंड में परिवर्तन रैली को संबोधित किया। रैली में मोदी ने कहा कि उनके विदेश दौरों को लेकर चर्चाएं होती हैं, लेकिन देश की 125 करोड़ जनता की ताकत की वजह से ही दुनिया भर में भारत का डंका बज रहा है।

प्रधानमंत्री ने रैली स्थल पर अपार जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, “हर जगह चर्चा होती है कि मोदी अमेरिका गए थे। वे वहां गए तो ऐसा हो गया। उस देश में गए तो ऐसा हो गया। यह मेरी वजह से नहीं हो रहा है, बल्कि इसके पीछे देश की 125 करोड़ लोगों की ताकत है।”

मोदी ने कहा कि दिल्ली में उत्तर प्रदेश का पूरा दबदबा है। केंद्र सरकार पर जब भी मुसीबत आती है, उत्तर प्रदेश हमेशा आगे आकर खड़ा हो जाता है। जब ताकत मिलती है, तो निर्णय लेने की क्षमता बढ़ जाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में जीत मिलना काफी शानदार है। इसके लिए पूरा देश असम की जनता का शुक्रिया अदा करना चाहता है। भाजपा का विस्तार पूरे देश में हो रहा है। देश के हर कोने में पार्टी को अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है।

मोदी रैली में उत्तर प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों मुलायम सिंह यादव व मायावती पर काफी आक्रामक दिखाई दिए। मोदी ने दोनों पर करारा हमला करते हुए कहा कि माया-मुलायम के बीच उत्तर प्रदेश को लूटने की जुगलबंदी बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश में पहली बार एक मंच पर मोदी के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशाी, कलराज मिश्र, मनोज सिन्हा, अमित शाह भी दिखाई दिए।

इनके अलावा, मंच पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर भी मौजूद थे।

मोदी ने कहा, “विधानसभा चुनाव से पहले मुलायम ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार बनी, तो मायावती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यही बातें अब मायावती कह रही हैं। आए दिन वह यही कह रही हैं कि उत्तर प्रदेश में सरकार बनी, तो मुलायम के खिलाफ कार्रवाई करेंगी। सही बात यह है कि इन दोनों नेताओं की जुगलबंदी ने उत्तर प्रदेश को लूट के दलदल में धकेल दिया है।”

मोदी ने उत्तर प्रदेस सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास के यज्ञ में भाई-भतीजावाद, जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और गुंडाराज की आहूति देनी पड़ेगी। अगले विधानसभा में इन सबकी आहूति मिलने के बाद ही उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ सकेगा।

प्रधानमंत्री ने कल्याण सिंह व राजनाथ सिंह की सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि हमने उत्तर प्रदेश में अच्छी सरकार चलाकर दिखाई है। आगे अगर मौका मिलेगा, तो सरकार पूरी ताकत लगाकर उत्तर प्रदेश का विकास करेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “उत्तर प्रदेश ने देश को प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षामंत्री देने का काम किया है। अब समय आ गया है कि प्रदेश में सरकार बनाकर उस ऋण को चुकता करने का काम किया जाए।”

मोदी ने जनता से अपील करते हुए कहा कि एक बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का मौका दीजिए। सरकार बनने के बाद अगर हम निजी स्वार्थो में लिप्त पाए जाएं, तो आप लोग हमें प्रदेश से लात मारकर बाहर निकाल दीजिएगा।

उत्तर प्रदेश में बिजली को लेकर केंद्र सरकार की ओर से किए गए कार्यो का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 1529 गांव ऐसे हैं, जहां बिजली का खंभा भी नही पहुंचा था। पिछले दो वर्षो के दौरान देश के 18,000 गांवों में बिजली का खंभा पहुंचाने का काम किया है। उत्तर प्रदेश के 1529 में से 1352 गांवों में बिजली का खंभा लग गया है और बिजली की आपूर्ति भी हो रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493