2जी घोटाला : स्टालिन ने अदालत के फैसले को सराहा (लीड-1)

चेन्नई, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) नेता एम.के स्टालिन ने गुरुवार को 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में अदालत द्वारा सभी अभियुक्तों को बरी किए जाने के फैसले को “ऐतिहासिक” बताते हुए इसका स्वागत किया।

आरके नगर उपचुनाव के दौरान आज मतदान हो रहा है। यहां स्टालिन ने मुस्कुराते हुए संवाददाताओं से कहा, “यह एक ऐतिहासिक निर्णय है। यह मामला 2009 में दायर हुआ था। यह मामला एक राजनीतिक दल को बदनाम करने के लिए दायर किया गया था।”

अभियुक्तों में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए.राजा और राज्यसभा सदस्य कनिमोझी भी शामिल थे।

डीएमके के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मुख्यालय के बाहर इकट्ठा हो गए और इस फैसले का जश्न मनाया। सभी ने आतिशबाजी की और मिठाइयां वितरित की।

डीएमके में शामिल पी सिवा सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी इस फैसले पर खुशी जाहिर की।

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता वी नारायणसामी ने कहा कि कांग्रेस और द्रमुक के खिलाफ झूठे अभियान के चलते भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजनीतिक फायदा उठाया।

तमिलनाडु के कांग्रेस नेता एस थिरुनावुक्कर ने इसे सत्य की जीत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा तथाकथित घोटाले पर झूठे अभियान की वजह से सत्ता में आई।

राजनीतिक विश्लेषक और मद्रास विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रामू मणिवानन ने कहा कि इस फैसला से तमिलनाडु में राजनीतिक गठजोड़ शुरू हो सकते हैं और डीएमके अब भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अधिक समय तक अछूत नहीं रहेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493