जम्मू, 7 जुलाई (आईएएनएस)। इस साल जम्मू एवं कश्मीर में अब तक अमरनाथ गुफा में 20,000 से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार को तीर्थयात्रियों का एक और जत्था पवित्र गुफा के लिए रवाना हो गया, जिसमें 2,600 से ज्यादा श्रद्धालु हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “600 से ज्यादा महिलाओं और बच्चों सहित कुल 2,614 तीर्थयात्रियों ने दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के लिए यहां से अपनी तीर्थयात्रा शुरू की।”
तीर्थयात्री सुरक्षाबलों की निगरानी में 77 वाहनों के एक काफिले में रवाना हुए।
श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अधिकारियों ने कहा कि दो जुलाई से वार्षिक तीर्थयात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।
समुद्र तल से करीब 14,500 फीट ऊपर हिमालय की पवित्र गुफा तक पहुंचने के लिए परंपरागत 46 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे आधुनिक बालटाल मार्ग दोनों का इस्तेमाल किया जाता है।
अमरनाथ यात्रा इस साल 29 अगस्त को संपन्न होगी।
dharmpath.com dharmpath