3डी एनिमेशन से शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव संभव : तमाई

आशुतोष कुमार मौर्य

आशुतोष कुमार मौर्य

नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। सूचना-संचार प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर शिक्षा की नवीन जापानी तमाई पद्धति विकसित करने वाले मात्सुयो तमाई ने कहा कि 3डी एनिमेशन का प्रयोग कर शिक्षा के क्षेत्र में कांतिकारी सुधार लाए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार बेहद जरूरी है, जिससे खुले वाद-विवाद, तार्किक विचार और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जा सके।

सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से 3डी एनिमेशन का प्रयोग, जापान में विकसित तमाई पद्धति, किवामी जियोमेट्री, ई सोरोबन अबेकस और गैक्केन साइंस एक्सपेरिमेंट जैसे नवाचार को अपनाकर मौजूदा पारंपरिक शिक्षा में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।

देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था की आमतौर पर इस बात के लिए आलोचना की जाती है कि इसमें समझ, आलोचनात्मक सोच और समस्या समाधान के बजाए रटकर सीखने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। किताबी ज्ञान और परीक्षा में ज्यादा नंबर लाने के अनावश्यक दबाव ने खुले वाद-विवाद और तार्किक विचार को पीछे धकेल दिया है।

सूचना-संचार प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से शिक्षा की नवीन जापानी तमाई पद्धति के जनक और किवामी संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मात्सुयो तमाई ने आईएएनएस से कहा, “मौजूदा शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी खराबी यह है कि रचनात्मकता धीरे-धीरे खत्म हो रही है और रटने पर अत्यधिक जोर ने ‘स्वतंत्र सोच’ के विकास को बाधित कर दिया है। सबको यह समझना होगा कि अच्छे ग्रेड या अंक लाना अच्छे शिक्षण की पहचान नहीं है।”

यूरोपीय देशों में बेहद प्रचलित हो चुकी 3डी एनीमेशन प्रौद्योगिकी भारत में भी तेजी से अपनाई जा रही है। एनीमेशन विद्यार्थियों को पेचीदा अवधारणाओं को भी आसानी से समझने में मदद करते हैं। इसकी वजह यह है कि इंसान मूल रूप से दृश्य प्राणी है और उसे दृश्यों में चीजों को याद रखने की क्षमता उपहार में मिली है।

जापान में विकसित गहन शिक्षण पद्धति ‘टीएएमएआई’ (तमाई) की खोज मित्सुयो तमाई ने बच्चों को विभिन्न विषय पढ़ाने के लिए की, जिसमें 3डी एनीमेटेड वीडियो का भी उपयोग किया जाता है। जापान के अलावा हांगकांग, थाईलैंड और वियतनाम में लोकप्रिय हो चुकी तमाई पद्धति की विशेषता है कि यह बच्चों को विज्ञान और गणित जैसे जटिल विषयों को मजेदार तरीके से सीखने में मददगार होती है।

तमाई पद्धति में कई मॉड्यूल्स शामिल हैं :

तमाई मैथेमेटिक्स नरेटेड : तमाई मैथेमेटिक्स नरेटेड गणित के मूलभूत सिद्धांतों को कथा कहानियों और एनीमेशन के जरिए सीखने पर जोर देता है।

किवामी जियोमेट्री : किवामी जियोमेट्री रेखागणित को 3डी एनीमेशन की मदद से सिखाने पर केंद्रित है। यह बच्चों में रेखागणित के सवालों को बिना फॉर्मूलों पर निर्भर रहे हल करने की क्षमता विकसित करता है।

ई सोरोबन अबेकस : ई सोरोबन अबेकस कई स्तरों वाले पाठ्यक्रम का उपयोग करती है, जिसकी मदद से बच्चे अपनी समझ के स्तर के मुताबिक पढ़ाई कर सकते हैं। अबेकस को शामिल करने से बच्चों में समस्या का दृश्य आधारित समाधान निकालने की क्षमता विकसित होती है।

गैक्केन साइंस एक्सपेरिमेंट : विचार शक्ति को विकसित करने के लिए यह पद्धति विज्ञान का सहारा लेती है, जिसमें गतिविधियों के जरिए सीखने की प्रक्रिया विकसित की जाती है। यह बच्चों में वैज्ञानिक मिजाज विकसित करने में मदद करता है।

तमाई का कहना है, “इतना ही नहीं यह पद्धति विद्यार्थियों में सामाजिक असमानता को कम करने में भी मदद करता है, क्योंकि वे दिए हुए काम को मिलजुल कर पूरा करते हैं। जब विद्यार्थी आईसीटी के जरिए डिजिटल पोर्टफोलियो अपने काम को करते हैं तो उनमें जिम्मेदारी उठाने की भावना भी बढ़ती है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493