ओट्टावा, 27 अगस्त (आईएएनएस)। कनाडा के एक दंपति को 62 साल साथ रहने के बाद अलग रहने को मजबूर होना पड़ा है, क्योंकि वे दोनों एक ही देखरेख केंद्र में नहीं रह सकते।
‘डेली मेल’ की रपट के मुताबिक, वूल्फ गोट्टस्चक (83) और उनकी पत्नी (81) के बीच किशोरावस्था में उस समय प्यार हो गया था, जब दोनों का परिवार जर्मनी के डुसेलडॉर्फ में एक ही अपार्टमेंट परिसर में रहता था।
दंपति का विवाह 1954 में हुआ था। वूल्फ निर्माण कंपनी में काम करते थे, जबकि अनीता रिटेल में काम करती थीं।
62 साल साथ बिताने के बाद उन्हें पिछले आठ महीने से अलग रहना पड़ रह रहा है, क्योंकि उनके नजदीक कोई ऐसा देखरेख केंद्र नहीं है, जहां विवाहित दंपति साथ रह सकें।
उनकी पोती एशले बार्टिक ने फेसबुक पर अपनी एक पोस्ट में उनकी इस स्थिति का खुलासा किया।
एशले ने लिखा, “62 वर्षो के बाद वे अलग नहीं रह सकते। वे सभी काम एकसाथ करते हैं।”
एशले ने ‘डेली मेल’ को बताया कि उनकी दादी अपने पति का ख्याल रखती थीं। लेकिन जनवरी में डॉक्टर्स ने परिवार को बताया कि उनकी स्थिति बिगड़ रही है, इसलिए उन्हें किसी देखरेख केंद्र में रखे जाने की जरूरत है।
वूल्फ उसी नर्सिग होम ‘द रेजिडेंस एट मॉर्गन हाइट्स’ में जगह मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जहां उनकी पत्नी की देखभाल हो रही है। लेकिन फ्रेजर हेल्थ अथॉरिटी यह नहीं बता पा रहा कि उन्हें वहां कब जगह मिलेगी।
ऐशले ने अपनी पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें उनके दादा अकेले बैठे खिड़की से बाहर झांक रहे हैं और अपनी पत्नी को याद कर रहे हैं, जिन्हें वह प्यार से ‘लिटिल माउस’ कहते हैं।
वूल्फ डिमेंशिया (मानसिक रोग) से ग्रस्त हैं और इसी सप्ताह उनके लिम्फोमा से पीड़ित होने का भी पता चला है। उन्हें दिल की बीमारी भी है।
dharmpath.com dharmpath