नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए दिल्ली में शनिवार को शिक्षा मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने हिस्सा लिया और जानकारी हासिल की। मेले में 700 से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। यह मेला देश के 14 शहरों में आयोजित किया जा रहा है।
प्लेसमेन्ट सेवाएं उपलब्ध कराने वाली आईडीपी एजुकेशन इंडिया ने मेले की शुरुआत 21 अगस्त को कोलकाता से की थी और इसका समापन आठ सितम्बर, 2016 को विजयवाड़ा में होगा। इसके अलावा कोलकाता, चण्डीगढ़, लुधियाना, गुड़गांव, मुम्बई, अहमदाबाद, पुणे, बेंगलुरू, चेन्नई, हैदराबाद, विजयवाड़ा, कोच्चि और कोयम्बटूर में भी मेले का आयोजन किया जाएगा।
इस मौके पर आईडीपी एजुकेशन में भारत के लिए निदेशक, पीयूष कुमार ने कहा, “आईडीपी विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराता है, जहां उन्हें विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करने और ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई से सम्बन्धित सभी सवालों के जवाब पाने का मौका मिलता है।”
मेले में 39 ऑस्ट्रेलियाई संस्थान हिस्सा ले रहे हैं। यह सभी विद्यार्थियों के लिए एक नि:शुल्क मंच है, जिसके माध्यम से वे ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई की सम्भावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, अपनी पसंद के संस्थान में सीधे आवेदन कर सकते हैं और पाठ्यक्रम एवं छात्रवृत्ति के बारे में जानकारी पा सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath