बिहार में बैंक प्रबंधक ने विधायक पर लगाया मारपीट का आरोप

कटिहार, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में कटिहार जिले के आबादपुर थाना क्षेत्र के एक बैंक प्रबंधक ने बलरामपुर के मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्‍सवादी-लेनिनवादी) विधायक महबूब आलम पर बैंक में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

बैंक प्रबंधक ने इस मामले की एक प्राथमिकी (एफआईआर) आबादपुर थाने में दर्ज करवाई है।

पुलिस के अनुसार, इलाहाबाद बैंक, ग्वालटोली के शाखा प्रबंधक राकेश रंजन ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि विधायक बैंक कार्यालय में घुसे और वहां दुर्व्यवहार किया।

शाखा प्रबंधक के अनुसार, उन्होंने विधायक को सामने की कुर्सी पर बैठने का अनुरोध किया, जिससे वह नाराज हो गए। विधायक ने अपशब्द कहते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

शाखा प्रबंधक का दावा है कि यह सारी घटना बैंक के सीसीटीवी में कैद है। उनका कहना है कि विधायक उनकी कुर्सी पर बैठना चाहते थे।

कटिहार के पुलिस अधीक्षक सिद्घार्थ मोहन जैन ने शनिवार को बताया कि बैंक प्रबंधक के लिखित बयान के आधार पर आबादपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

इधर, विधायक महबूब आलम ने पूरे मामले को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि बैंक प्रबंधक ऋण देने के लिए 20 प्रतिशत रिश्वत मांगते हैं। इसी मुद्दे को लेकर वह शुक्रवार को बैंक गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493