सलमान मेरा भाई : संजय

मुंबई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने सलमान खान के साथ अनबन की खबरों को नकारते हुए कहा कि उनके बीच सबकुछ ठीक है और वे अच्छे मित्र हैं। उन्होंने मीडिया से उनके बीच ‘दरारें पैदा नहीं करने’ की अपील की।

संजय ने कहा, “सलमान मेरे छोटे भाई जैसे हैं। वह हमेशा से मेरे भाई रहेंगे। ईश्वर ने उन्हें सफलता दी और उनसे संबंधित सभी अदालती मामले भी खत्म हो चुके हैं। मैं मीडिया से अनुरोध करता हूं कि हमारे बीच कोई मुद्दा न बनाएं।”

उन्होंने शुक्रवार को अपने 57वें जन्मदिन पर कहा, “हम सभी व्यस्त रहते हैं और रोजाना मिल नहीं पाते। हम मैड्रिड में मिले थे, लेकिन आपने (मीडिया) इस बारे में नहीं लिखा। आप सिर्फ झगड़ों के बारे में लिखते हैं। क्या कोई अपने भाई के साथ लड़ेगा? मैं उन्हें बहुत प्यार करता हूं।”

संजय ने यह भी कहा कि वह 18 साल पुराने चिंकारा शिकार मामले में सलमान को राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा बरी किए जाने से बहुत खुश हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने अदालत का फैसला आने के बाद सलमान को फोन किया था, संजय ने कहा, “बिल्कुल, मैं उन्हें अक्सर फोन करता हूं और उनके लिए मुझे खुशी है। मैं नहीं चाहता कि सलमान या कोई भी वह सब भुगते जो मैंने भुगता। न्याय होता है और मुझे खुशी है कि यह हुआ।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493