मप्र को बेस्ट टूरिज्म स्टेट अवॉर्ड सहित 5 पुरस्कार

भोपाल, 31 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को राजधानी दिल्ली में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया। मध्य प्रदेश को इस समारोह में बेस्ट टूरिज्म स्टेट सहित पांच राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए गए।

राज्य के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने नई-दिल्ली के विज्ञान भवन में शनिवार को पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया था।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन एवं केंद्रीय पर्यटन तथा संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. महेश शर्मा द्वारा प्रदेश के पर्यटन तथा संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेंद्र पटवा, निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक और निगम के प्रबंध संचालक हरि रंजन राव एवं अपर प्रबंध संचालक तन्वी सुन्द्रियाल को ये पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार के रूप में ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र दिया गया।

पर्यटन पुरस्कारों में दिव्यांगों के अनुकूल श्रेष्ठ स्मारक अमरकंटक के लिए भी प्रदेश को पुरस्कृत किया गया। साथ ही भोपाल को श्रेष्ठ विरासत की सैर के लिए विकसित करने के लिए संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।

मोस्ट इन्नोवेटिव और यूनीक टूरिज्म प्रोजेक्ट, आर्ट आइकॉल मैहर तथा जीवन ज्योति पटेरिया को बेस्ट टूरिस्ट गाइड का पुरस्कार प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश पर्यटन को लगातार दूसरे साल पर्यटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। पिछले वर्ष मध्य प्रदेश पर्यटन को छह राष्ट्रीय पुरस्कारों सहित अन्य पुरस्कार प्राप्त हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493