मप्र के महाविद्यालयों में लहराएगा तिरंगा

भोपाल, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सभी सरकारी महाविद्यालयों की इमारतों पर आने वाले दिनों में तिरंगा लहराता नजर आएगा। उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया के निर्देशों के बाद यह होने जा रहा है।

आधिकारिक तौर पर रविवार को जारी बयान में बताया गया कि राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने सरकारी महाविद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने राष्ट्रीयता की भावना जगाने के लिए अनूठी पहल की है।

महाविद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के अलावा युवाओं में देशभक्ति का जज्बा जगाने के उद्देश्य से महाविद्यालयों में वर्तमान राष्ट्रपति और वर्तमान प्रधानमंत्री के साथ तीन महापुरुषों, युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद, राष्ट्रपति महात्मा गांधी और संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर के चित्र भी लगाए जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश संभवत: देश का पहला ऐसा राज्य होगा, जहां महाविद्यालयों में अनिवार्य तौर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और महापुरुषों की तस्वीरें लगने जा रही है।

महाविद्यालय भवन में प्रतिदिन ध्वजारोहण करने में ध्वज संहिता के प्रावधान का कड़ाई से पालन करने के निर्देश उच्च शिक्षा विभाग ने सभी महाविद्यालय के प्राचार्य और अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा को दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि मंत्री पवैया ने विभाग की पहली बैठक में ही युवाओं में राष्ट्रीयता की भावना लाने और महापुरुषों के पदचिह्नें पर चलने के उद्देश्य से इस संबंध में निर्देश दिए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493