मप्र के बालाघाट में नक्सली कमांडर गिरफ्तार

बालाघाट, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में पुलिस ने नक्सली समूह देवरी दलम के कमांडर भगवान उर्फ माणिक (48) को गिरफ्तार किया है। वह मूलरूप से महाराष्ट्र का निवासी है।

बालाघाट के पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने सोमवार को बताया किजिले में 22 वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत थाना लांजी पुलिस ने कुख्यात नक्सली भगवान उर्फ माणिक को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।

पुलिस के मुताबिक, नक्सली देवरी दलम का कमांडर भगवान ने वर्ष 1996 में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक मुकेश गुप्ता पर जंगल सर्चिग के दौरान धीरी मुरुम जंगल में पुलिस पार्टी पर हमला कर जान से मारने की नियत से गोलियां चलाई थीं।

मुठभेड़ में बालाघाट और गोंदिया की संयुक्त पुलिस पार्टी का सामना नक्सलियों से हुआ था। उस दौरान तीन महिला नक्सली व एक पुरुष नक्सली मारा गया था। साथ ही महाराष्ट्र पुलिस का एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, जिले में विशेष रूप से चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के दौरान नक्सली भगवान को गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने उसके विरुद्ध दो स्थायी वारंट जारी किए थे।

विशेष अभियान के दौरान जिला पुलिस ने एक माह में 32 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर उन्हें अदालत में पेश किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493