बैद्यनाथ धाम में लगा रहा कांवड़ियों का तांता (लीड-1)

देवघर/पटना, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भगवान शंकर के प्रिय सावन मास के दूसरे सोमवार पर खास संयोग बनने के कारण सुबह से ही शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा बैद्यनाथ धाम में अब तक एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु ज्येतिर्लिग पर जलाभिषेक कर चुके हैं।

बिहार के सुल्तानगंज से उतरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर 105 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा कर कांवड़िये बैद्यनाथ धाम पहुंचकर कामना लिंग पर जलाभिषेक कर रहे हैं। सोमवार तड़के तीन बजे की विशेष पूजा के बाद 3.22 बजे से भक्तों ने जलाभिषेक शुरू कर दिया।

देवघर जिला जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि शाम सात बजे 1.20 लाख से ज्यादा कांवड़ियें कामना लिंग पर जलाभिषेक कर चुके हैं। कांवड़ियों का आने का सिलसिला अभी भी बदस्तूर जारी है। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे तक आने वाले श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे।

इधर, मेला क्षेत्र में सुरक्षा की कमान संभाल रही देवघर की पुलिस अधीक्षक ए़ विजयलक्ष्मी ने सोमवार को बताया कि कांवड़ियों की अभी तक लंबी कतार लगी हुई है और उनका आना जारी है।

उन्होंने बताया कि सावन के पहले सोमवार को करीब 1़ 40 लाख भक्तों ने यहां जलाभिषेक किया था और दूसरे सोमवार को यह संख्या डेढ़ लाख से ऊपर जाने की उम्मीद है।

कांवड़ियों की भीड़ के कारण सोमवार को देवघर के स्कूलों और कॉलेजों में सर्वाजनिक छुट्टी घोषित कर दी गई थी।

पटना के जाने-माने आचार्य बैद्यनाथ झा ने बताया, “इस बार सावन की इस सोमवारी और सावन की शिवरात्रि एक साथ होने से दुर्लभ संयोग बन रहा है। सावन, शिव, सोमवार और चतुर्दशी एक साथ हैं। इससे साकार चतुष्टय योग भी बन रहा है। इस कारण इस सोमवारी को व्रत, भगवान शिव की पूजा, जलाभिषेक और रूद्राभिषेक अधिक फलदायी हैं।”

बिहार की राजधानी पटना के बैकुंठपुर मंदिर, गायघाट के गौरीशंकर मंदिर, पटना सिटी के तिलेश्वर महादेव मंदिर, अलखिया बाबा मंदिर, बोरिंग रोड शिव मंदिर, शिव मंदिर, खजपुरा सहित झारखंड की राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और लोग भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।

इसके अलावा बिहार के मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर, मोतिहारी के सोमेश्वर मंदिर, रोहतास के गुप्ताधाम मंदिर, सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर, अजगैबीनाथ मंदिर सहित सभी शिवालयों में भी सुबह से ही भक्त जुटे रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493