पणजी, 3 अगस्त (आईएएनएस)। गोवा के उपमुख्यमंत्री फ्रांसिस डीसूजा ने बुधवार को कहा कि गोवा के सभी पुराने पुलों और इमारतों के परीक्षण की जरूरत है।
उन्होंने यह बात महाराष्ट्र में अंग्रेजों के शासनकाल में बने एक पुल के ढहने के बाद कही।
डीसूजा ने संवाददाताओं से कहा, “सभी पुराने पुलों और इमारतों का परीक्षण होना चाहिए और अगर कोई कमजोर पुल पाया जाता है तो उसे बंद कर देना चाहिए।”
कोंकण क्षेत्र में बुधवार को मूसलाधार बारिश के कारण सावित्री नदी पर महाड शहर के नजदीक बना पुल ढह गया और दो बस समेत कई वाहन पानी में बह गए, जिनका अभी तक कोई अता-पता नहीं चल सका है।
गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने कहा कि राज्य के पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया गया है कि वे पता करें कि इस घटना में लापता यात्रियों में, जिनके पानी में बहने की आशंका है, कोई गोवावासी तो शामिल नहीं है।
यह पुल पनवेल के पास एनएच-17 पर है और मुंबई और गोवा के रास्ते में है।
dharmpath.com dharmpath