सतना, 3 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में सद्गुरु विद्याधाम में स्वाधीनता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों की रिहर्सल कर रहे बच्चों में से 30 से ज्यादा की तबीयत बिगड़ गई। इन बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बारह दिन आने वाले स्वाधीनता दिवस के लिए गुरुवार को कार्यक्रमों की तैयारी चल रही थी। एक तरफ इन कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले बच्चे रिहर्सल कर रहे थे तो कुछ बच्चे इन कार्यक्रमों को देख रहे थे। उमस भरा मौसम होने और इसी दौरान बांटे गए बिस्कुट खाने से तीस से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
प्रभारी जिलाधिकारी मूलचंद वर्मा ने आईएएनएस को बताया कि सद्गुरु ट्रस्ट के विद्याधाम विद्यालय में तीन हजार से ज्यादा बच्चे 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करते हैं। गुरुवार को लगभग ढाई हजार बच्चे पीटी कर रहे थे, तभी 30 से ज्यादा बच्चों को बेहोशी जैसी आने लगी। उन्हें उपचार के लिए सद्गुरु ट्रस्ट के अस्पताल ले जाया गया। छह बच्चे अभी भी अस्पताल में हैं।
वर्मा ने आगे बताया कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नोटिस जारी कर स्कूल से जबाव तलब करें कि बच्चों के लिए पानी वगैरह की व्यवस्था क्यों नहीं की गई थी और तबीयत बिगड़ने का क्या कारण है।
चित्रकूट थाने के प्रभारी रितेश शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि सद्गरु संस्था का यहां चिकित्सालय भी है, जिन बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी, उन्हें तुरंत अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। उन्होंने अस्पताल जाकर बच्चों को देखा, उनकी हालत अब ठीक है।
dharmpath.com dharmpath