पटना, 4 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा के मानूसन सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के पुत्र और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव अलग अंदाज में नजर आए। विधानसभा कैंटीन के निरीक्षण के दौरान वे बड़ी सी कड़ाही में खुद मिठाई तलने लगे।
बिहार विधानसभा के मानूसन सत्र की समाप्ति के बाद स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप अचानक विधानसभा कैंटीन पहुंच गए और वहां की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान वहां एक बड़ी सी कड़ाही में गाजा (बेसन की मिठाई) बनाया जा रहा था। मंत्री ने खुद झंझरा उठाया और उसे तलने लगे।
स्वास्थ्य मंत्री के अचानक विधानसभा की कैंटीन पहुंचने से अफरातफरी मच गई। तेजप्रताप ने कैंटीन में बन रही खाद्य सामग्रियों को देखा और कई जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री ने कैंटीन के कर्मचारियों को कैंटीन में साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया तथा कर्मचारियों को खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता बनाए रखने की भी सलाह दी।
तेजप्रताप करीब आधे घंटे तक कैंटीन परिसर में रहे। मंत्री ने कैंटीन में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश भी दिया।
तेजप्रताप ने इस क्रम में कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री होने के कारण लोगों के स्वास्थ्य का ख्याल रखना भी उनका काम है।
dharmpath.com dharmpath