कोच्ची, 4 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी केरला ब्लास्टर्स एफसी ने गुरुवार को इंग्लिश फुटबाल क्लब आर्सेनल के पूर्व खिलाड़ी ग्राहम स्टैक के साथ लीग के अगले संस्करण के लिए करार किया है।
इस बात की घोषणा गुरुवार को की गई।
इंग्लैंड मूल के आयरलैंड के खिलाड़ी स्टैक 2003-2004 में अपराजित रहने वाली इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) की विजेता टीम आर्सेनल का हिस्सा रह चुके हैं।
स्टैक ने आयरलैंड गणतंत्र की अंडर-21 टीम की लिए सात मैच खेले हैं। वह 1998 में आर्सेनल से जुड़े और जुलाई 2000 में उन्होंने अपना पहला पेशेवर करार किया।
ब्लास्टर्स में खिलाड़ी के अलावा स्टैक क्लब के मुख्य कोच स्टीव कोपेल के साथ गोलकीपिंग कोच के तौर पर भी काम करेंगे।
स्टैक ने एक बयान में कहा, “भारत आना और केरला ब्लास्टर्स का हिस्सा बनना एक रोमांचक चुनौती है। मैं अपनी नई टीम के खिलाड़ियों से मिलने को तैयार हूं। मैं युवा खिलाड़ियों को मौका देने और अपनी प्रतिभा का भरपूर इस्तेमाल करने में विश्वास रखता हूं। कोच स्टीव मेरी इसमें मदद करेंगे और टीम का ध्यान केंद्रित रखेंगे।”
केरला के मुख्य कोच कोपेल ने कहा, “मैं ग्राहम स्टैक का केरला ब्लास्टर्स में स्वागत करता हूं। वह जुनूनी हैं और काफी उत्साही खिलाड़ी हैं। वह टीम में नई ऊर्जा का संचार करेंगे। मैं उनके साथ काम करने को तैयार हूं।”
dharmpath.com dharmpath