छात्राएं शालीन, गरिमा पूर्ण पहनावे पहनें : महिला आयोग

भोपाल, 5 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मेनिट) में छात्राओं के शॉर्ट्स और स्कर्ट पहनने पर लगाई गई रोक का राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष लता वानखेड़े ने भी समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि छात्राओं को सार्वजनिक स्थानों पर शालीनता और गरिमा से रहना चाहिए।

ज्ञात हो कि मेनिट की छात्राओं ने गुरुवार को संस्थान प्रबंधन द्वारा कपड़े पहनने और छात्रावास में आने का रात साढ़े नौ बजे का समय तय किए जाने का विरोध किया था। इन छात्राओं के विरोध प्रदर्शन को लेकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष वानखड़े ने आईएएनएस से शुक्रवार कहा, “छात्राएं जिस संस्था की विद्यार्थी हैं, जहां पढ़ती है, उन्हें उस स्थान की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। उनका पहनावा ऐसा हो, जो शालीन व मर्यादित हो।”

वानखड़े ने कहा, “छात्राओं को अपनी संस्कृति और परंपरा में ढलकर रहना चाहिए, ताकि किसी की बुरी नजर हमारी तरफ न जाए।”

उन्होंने हालांकि छात्राओं को अपने कमरे में मनपसंद कपड़े पहनने की आजादी की पैरवी की। उन्होंने कहा, “छात्राओं की अपने कमरे में मनपसंद के कपड़े पहनने की स्वतंत्रता को नहीं छेड़ा जाना चाहिए। वे अपने कमरे में मनपसंद कपड़े पहन सकती हैं, लेकिन सार्वजनिक स्थल पर अपनी गरिमा के हिसाब से लड़कियों को रहना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493