हैदराबाद, 5 अगस्त (आईएएनएस)। इस साल का सूखा खत्म करते हुए बेंगलुरू की शर्मिला निकोलेट ने हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर के 12वें चरण का खिताब अपने नाम कर लिया है।
हैदराबाद के गोल्फ क्लब में खेले गए इस टूर्नामेंट के आखिरी दिन शुक्रवार को दो खिलाड़ियों को चार बार 18वें होल में दोबारा खेलना पड़ा जिसके बाद शर्मिला को विजेता घोषित किया गया।
शर्मिला ने तीसरे और अंतिम दिन चौथे, आठवें, 12वें और 18वें होल में बोगी लगाई। 16वें होल में वह ट्रिपल बोगी खेल बैठीं।
हालांकि छठवें, 10वें, और 11वें होल में उन्होंने बर्डी लगाते हुए कुल 228 का स्कोर किया।
दूसरे स्थान पर रहने वाली कोलकाता की नेहा त्रिपाठी ने शर्मिला को अच्छी चुनौती दी। नेहा ने दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर करते हुए यह स्थान प्राप्त किया। उन्होंने तीसरे दिन 1-ओवर 72 का स्कोर किया।
नेहा ने तीसरे दिन छठवें, 16वें और 17वें होल में बर्डी लगाई। उन्होंने तीसरे, 13वें, 14वें और 15वें होल में बोगी लगाई।
दो दिन तक शीर्ष स्थान पर रहने वाली अमनदीप द्राल तीसरे स्थान पर रहीं। उनका कुल स्कोर 231 रहा।
dharmpath.com dharmpath