रियो डी जेनेरियो, 6 अगस्त (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक में कुल 206 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें पहली बार शरणार्थी ओलम्पिक दल हिस्सा ले रहा है, जिसके हर सदस्य एथलीट के जीवन की कहानी अपने आप में एक प्रेरणा है।
इस वर्ष ओलम्पिक खेलों में सबसे बड़ा दल अमेरिका का है, जिसमें 556 एथलीट हैं। अमेरिका के इस दल में 54 प्रतिशत महिलाएं 46 प्रतिशत पुरुष शामिल हैं।
अमेरिका के बाद ब्राजील दूसरे और आस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है। मेजबान देश के दल में 477 एथलीट (56 प्रतिशत पुरुष और 44 प्रतिशत महिलाएं) हैं। वहीं, आस्ट्रेलिया की टीम में 426 एथलीट हैं, जिसमें 51 प्रतिशत महिलाएं और 49 प्रतिशत पुरुष शामिल है।
रियो ओलम्पिक में सबसे छोटा दल तुवालु का है, जिसमें केवल एक ही एथलीट शामिल है। इसके अलावा कई ऐसे देश हैं, जिनके एथलीटों की संख्या केवल दो हैं।
इन देशों में भूटान, चाड, इक्वेटोरियल गिनी, स्वाजीलैंड, लिबेरिया, सोमालिया, डोमिनिका, मौरीटानिया और नाउरू शामिल हैं।
भारत की बात करें तो इस साल भारतीय दल में 119 एथलीट शामिल हैं। यह अब तक का सबसे बड़ा भारतीय दल है।
ब्राजील में रियो ओलम्पिक के उद्घाटन समारोह की शुरुआत माराकाना स्टेडियम में दुनिया को ग्लोबल वार्मिग के कहर से बचाने के संदेश के साथ हुई। जहां हजारों दर्शक इस अद्वितीय पल के साक्षी बनने के लिए मौजूद थे।
dharmpath.com dharmpath