छपरा, 6 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में धर्म को लेकर आपत्तिजनक तस्वीरें एवं वीडियो वायरल किए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार देर रात दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस क्रम में कई संगठनों के आह्वान पर सारण बंद के दौरान पुलिस और बंद समर्थकों के बीच झड़प हुई।
सारण जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार राज ने शनिवार को कहा कि चार अगस्त की शाम मकेर थाना क्षेत्र के एक युवक ने सोशल मीडिया पर अश्लील धार्मिक वीडियो पोस्ट कर दिया। इसके बाद क्षेत्र के कई लोग उग्र हो गए और आरोपी के घर में आग लगा दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने वीडियो पोस्ट करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना के विरोध में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के सारण बंद के आह्वान पर क्षेत्र की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। बंद का मिलाजुला असर देखा जा रहा है। बंद समर्थकों ने सड़क पर उतर कर नारेबाजी की और सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने बाद में सड़क जाम कर रहे लोगों को खदेड़ दिया।
शहर के साहेबगंज इलाके में पुलिस और बंद समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस ने हवाई फायरिंग की और आंसूगैस के गोले भी दागे। असामाजिक तत्वों द्वारा करीब 12 दुकानों को क्षति पहुंचाई गई है तथा कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। इस दौरान पत्थरबाजी में कम से कम 12 लोग घायल हो गए।
सारण के जिलाधिकारी दीपक आनंद ने तीन दिनों के लिए जिले में इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला साइबर क्राइम से जुड़ा हुआ है और मामले की छानबीन के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं।
सारण क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजीत कुमार राय मकेर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बंद के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
dharmpath.com dharmpath