500 नगरों का होगा स्वच्छता सर्वेक्षण

नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने शनिवार को स्वच्छता एवं संबंधित शहरी स्थानीय निकायों द्वारा किए गए प्रयासों के स्तरों के आधार पर 500 नगरों एवं शहरों का आकलन करने तथा उन्हें श्रेणीबद्ध करने के लिए ‘स्वच्छ सर्वेक्षण-2017’ का शुभारंभ किया।

मंत्री ने शनिवार को नई दिल्ली में अगले वर्ष जनवरी में संचालित होने वाले सर्वेक्षण के लिए 500 नगरों एवं शहरों को सर्वेक्षण तैयार करने में मदद करने के लिए विभिन्न प्रकाशनों एवं मोबाइल एप्लीकेशनों को भी जारी किया।

वेंकैया नायडू ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा सर्वेक्षण किए जाने वाले 500 नगरों एवं शहरों के मेयरों, नगरपालिका अध्यक्षों, नगरपालिका आयुक्तों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने नगरों के अधिकारियों को सूचित किया कि नगरों की रैंकिंग शहरी स्थानीय निकायों द्वारा शौचालयों के निर्माण, नागरिकों के फीडबैक एवं स्वच्छता स्तरों के स्वतंत्र अवलोकन की दिशा में की गई प्रगति के आधार पर की जाएगी। एक लाख और उससे अधिक की आबादी वाले नगरों, विरासत एवं पर्यटन शहरों, एक लाख की आबादी से कम वाले राजधानी नगरों को इस सर्वे में शामिल किया गया है, जो कि स्वच्छ भारत मिशन के प्रारंभ होने के बाद से दूसरा सर्वे है।

2019 तक ‘स्वच्छ भारत’ सुनिश्चित करने के लिए एक ‘जन आंदोलन’ का निर्माण करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए जा रहे बल को उद्धृत करते हुए नायडू ने एक वेब पोर्टल ‘स्वच्छता एप’ एवं ‘स्वच्छता हेल्प लाइन 1969’ लांच किया, जिससे कि नागरिकों को शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ भारत अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने में सक्षम बनाया जा सके।

शौचालयों के उपयोग की दिशा में व्यवहारगत बदलाव के लिए जरूरत पर जोर देते हुए वेंकैया नायडू ने ‘असली तरक्की’ अभियान का शुभारंभ किया। सफाईकर्मियों के महत्व पर जोर देते हुए नायडू ने तीन ऐसे कर्मियों को उनके संबंधित शहरों में स्वच्छता सुनिश्चित करने में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया। स्वच्छता सुनिश्चित करने में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के महत्व को रेखांकित करते हुए नायडू ने ऐसे तीन आरडब्ल्यूए को तथा स्वच्छता के बारे में जागरूकता फैलाने की दिशा में टीवी कलाकारों को भी सम्मानित किया।

मंत्री ने कहा कि अक्टूबर 2014 में स्वच्छ भारत मिशन के बाद से 21 लाख परिवारों के एकल शौचालयों का निर्माण पूर्ण हो चुका है जबकि अन्य 21 लाख शौचालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस बारे में मिशन का लक्ष्य 2019 तक 1.04 करोड़ शौचालयों का निर्माण करना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493