घायल कश्मीरियों के इलाज की पाकिस्तानी पेशकश

इस्लामाबाद, 7 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने कश्मीर घाटी में जारी हिंसा में घायल कश्मीरियों के इलाज की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा है।

‘डॉन’ की वेबसाइट के मुताबिक, एक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया है कि घाटी में घायल हुए कश्मीरियों के इलाज में मदद करने की पाकिस्तान को अनुमति देने का वह भारत से अनुरोध करे।

हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद से कश्मीर घाटी में अशांति और हिंसा जारी है। इस दौरान भारतीय सुरक्षा बलों से संघर्ष में कम से कम 55 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं।

शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान घायलों को खासतौर पर पेलेट्स से घायल हुए कश्मीरियों को दुनिया की सबसे बेहतरीन चिकित्सा प्रदान कराना चाहता है।

शरीफ का यह बयान कश्मीर को लेकर गृहमंत्री राजनाथ सिंह और पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री निसार अली खान के बीच हुई तकरार के कुछ दिनों बाद आया है। खान से हुई तकरार के बाद सिंह दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) की बैठक बीच में छोड़कर स्वदेश लौट गए थे।

शरीफ ने कहा, “कश्मीर में मानवतावादी संकट की भयावहता ने हमें पीड़ितों के इलाज के लिए तत्काल अपनी सामग्री और मानव संसाधन एकत्रित करने पर बाध्य कर दिया है।”

शरीफ ने कहा, “आंखों की रोशनी जाने का पीड़ितों और उनके परिवारों पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। पेलेट गन्स से घायल हुए कुछ पीड़ित शायद कभी नहीं देख पाएंगे। फिर भी वे आत्मनिर्णय का अधिकार प्राप्त करने के लिए स्वतंत्रता के प्रकाश द्वारा निर्देशित हो रहे हैं। दुनिया को इसका अहसास होना चाहिए। पाकिस्तान उन्हें नैतिक, राजनीतिक और कूटनीतिक रूप से समर्थन देना जारी रखेगा।”

बयान के मुताबिक, शरीफ ने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को विदेशों में स्थित पाकिस्तानी दूतावासों के जरिए भारत पर पाकिस्तान को मानवीय आधार पर कश्मीरियों को उपचार मुहैया कराने की अनुमति देने का दबाव बनाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से समर्थन जुटाने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान सरकार पीड़ितों को लाने-ले जाने, रहने और चिकित्सा का खर्च उठाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493