हैदराबाद, 8 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के शादनगर शहर में सोमवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में नईम नामक बदमाश मारा गया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
कथित तौर पर वह पहले नक्सली था और उसने पुलिस के लिए मुखबिरी भी की थी।
पुलिस ने कहा कि एक पुलिस अधिकारी और कई पूर्व नक्सली नेताओं की हत्या का आरोपी नईम शादनगर में एक घर में छिपा हुआ था।
गुप्त सूचना के आधार पर एक पुलिस दस्ते ने हैदराबाद से 50 किलोमीटर दूर महबूबनगर जिले में स्थित घर को घेर लिया।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि अपराधी ने कथित रूप से पुलिस दस्ते पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नईम घटनास्थल पर मारा गया।
मोहम्मद नइमुद्दीन उर्फ नईम तेलंगाना के नलगोंडा जिले के भोंगीर शहर का रहने वाला था और साल 1993 में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी के.एल. व्यास की हत्या समेत कई बड़े अपराधिक मामलों में आरोपी था। वह कथित रूप से हत्या के 20 मामलों समेत 130 आपराधिक मामलों में संलिप्त था।
सूत्रों के अनुसार, नक्सली संगठन पीपुल्स वार ग्रुप (पीडब्ल्यूजी) से बाहर निकलने के बाद नईम अपराधी बन गया और पुलिस का मुखबिर भी बन गया। उसने कई बड़े नक्सलियों और उनके हमदर्दो की हत्या कर दी।
नईम नागरिक अधिकार कार्यकर्ता पुरुषोत्तम और निरंजन, लोक गीत गायिका बेली ललिता, समर्पण कर चुके नक्सली समबासीवुदु और रामुलू, अपराधी पट्टोला गोवर्धन रेड्डी और अन्य के हत्या मामले में आरोपी था।
उसने कथित तौर पर सोहराबुद्दीन शेख और उसकी पत्नी को पकड़ने में भी पुलिस की मदद की थी, जिन्हें बाद में गुजरात पुलिस ने साल 2005 में कथित मुठभेड़ में मार गिराया था।
नईम पुलिस हिरासत से 11 बार भाग चुका था।
सूत्रों ने आगे कहा कि वह कथित रूप से सत्ताधारी तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के विधायकों और नेताओं को धमकी दे रहा था।
dharmpath.com dharmpath