मोदी ने कश्मीर में जारी हिंसा पर चिंता जताई

अलीराजपुर, 9 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले में महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाबरा (आजाद नगर) में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर में जारी हिंसा पर चिंता जताते हुए कहा कि मुट्ठी भर लोग, गुमराह हुए लोग, कश्मीर की महान परंपरा को ठेस पहुंचा रहे हैं। जिन हाथों में लैपटॉप, क्रिकेट का बल्ला और किताब होनी चाहिए, उन्हें पत्थर पकड़ा दिए जाते हैं।

भाबरा में आजादी के 70वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ’70 साल आजादी, याद करो कुर्बानी’ कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए मोदी ने कश्मीर के हालात और सरकार व अन्य राजनीतिक दलों से मिल रहे सहयोग का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार कश्मीर में विकास की नई ऊंचाइयां देना चाहती है। हर पंचायत को ताकत देना चाहती है और युवा पीढ़ी को रोजगार के मौके मयस्सर कराना चाहती है।

उन्होंने कश्मीर की हिंसा और पत्थरबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि वे बालक व युवा, जिनके हाथ में लैपटॉप, किताब, वॉलीबाल या किक्रेट का बल्ला होना चाहिए, मन में सपने होना चाहिए, आज ऐसे निर्दोषों के हाथ में पत्थर पकड़ा दिए जाते हैं। इससे कुछ लोगों की राजनीति तो चल पाएगी, मगर इन भोले-भाले बालकों का क्या होगा? दिल्ली और कश्मीर की सरकार विकास के मार्ग पर चल रही है, मगर कुछ लोग वहां विनाश चाहते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जो ताकत आम हिंदुस्तानी को मिली है, वही ताकत और आजादी कश्मीरियों को भी नसीब है। उन्होंने कश्मीर में शांति, सद्भावना व एकता लाने का संकल्प दोहराते हुए युवाओं से अपील की कि वे उनकी कोशिशों मे साथ दें, ताकि कश्मीर को दुनिया का स्वर्ग बनाया जा सके।

मोदी ने कश्मीर की महबूबा सरकार की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि वहां अमरनाथ यात्रा निर्बाध चल रही है। साथ ही कश्मीर के मामले में कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों का सहयोग मिलने पर आभार माना।

प्रधानमंत्री मोदी ने भाबरा पहुंचकर आजाद के स्मारक का अवलोकन किया और उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही आजाद की आदमकद प्रतिमा के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।

मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो आजाद की जन्मस्थली पहुंचे हैं। उन्होंने स्मारक परिसर में लगाए गए उन छायाचित्रों को भी देखा, जो आजाद की जीवनगाथा बता रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उनके साथ थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने यहीं से ’70 साल आजादी, याद करो कुर्बानी’ अभियान की शुरुआत की।

इससे पहले, प्रधानमंत्री वायुसेना के विशेष विमान से इंदौर के हवाईअड्डे पर पहुंचे, यहां उनकी अगवानी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित प्रदेश के अन्य मंत्रियों ने की। उसके बाद मोदी हेलीकॉप्टर से अलीराजपुर के भाबरा पहुंचे। आयोजन को सफल बनाने की भरपूर तैयारियां की गई थीं, मगर बारिश ने जरूर कुछ दिक्कतें पैदा कीं।

आयोजन को सफल बनाने के लिए सरकार और भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने भरपूर तैयारियां कीं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, मगर दो दिनों से यहां जारी बारिश के चलते जगह-जगह कीचड़ हो गया। इस कारण भाबरा और सभास्थल तक पहुंचने में लोगों को परेशानी हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493