रांची, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेताओं ने सरकार और संगठन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी को तलब किया है। पार्टी के एक नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मरांडी ने रविवार को जब से अपनी टीम की घोषणा की है, तब से भाजपा के अंदर गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्रमुख पदों पर नियुक्त किए गए चार नेताओं ने इस्तीफा दे दिया है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा ने उपाध्यक्ष पद और गणेश मिश्र व अजय नाथ साहदेव ने महासचिव पद छोड़ा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी के केंद्रीय नेताओं की स्वीकृति लिए बिना ही अपनी टीम घोषित कर दी है। झारखंड भाजपा के प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी इन घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
भाजपा के एक नेता ने आईएएनएस से कहा, “झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास और पार्टी अध्यक्ष ताला मरांडी को केंद्रीय नेताओं ने संगठन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए बुलाया है। पार्टी के केंद्रीय नेता भी राज्य में अध्यादेश के जरिए किए गए दो भूमि कानूनों में बदलाव पर प्रदेश अध्यक्ष के बयान से नाखुश हैं।
रघुबर दास मंगलवार दोपहर बाद ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष ने जिस टीम की घोषणा की है, उसे भंग किया जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath